रायपुर। शनिवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की हुई मतगणना में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत मिलने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में खुशी की लहर है। रायपुर के कांग्रेस भवन में कांग्रेसियों ने ढोल नगाड़े बजाकर जीत का जोरदार जश्न मनाया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम ने जीत पर सबसे पहले कर्नाटक की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो पदयात्रा के दौरान हजारों किलोमीटर की यात्रा की। उन्होंने देश में भाईचारा और अखंडता स्थापित करने के लिए यात्रा की, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार वहां पर नफरत की राजनीति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर लोगों को बांट रही थी, पर बीजेपी के मंसूबे पूरे नहीं हो पाए। कर्नाटक की जनता ने बता दिया कि कि यह देश सभी धर्म और सभी वर्गों का है। वहां की जनता ने विकास के एजेंडे पर वोट किया है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे कर्नाटक के माटी पुत्र हैं। मोहन मरकाम ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और उनके परिवार को मारने की साजिश रची थी, लेकिन कर्नाटक की जनता ने वोट देकर बता दिया कि उन्हें खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर विश्वास है। लोकतंत्र को एक सूत्र में पिरोने की यह जीत है। इससे भाजपा को करारा झटका लगा है।