सुकमा। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के सुकमा जिले में मंगलवार को नक्सलियों की गोलीबारी में कोबरा बटालियन का एक प्रधान आरक्षक शहीद हो गया। बताया जाता है कि जवान नक्सल ऑपरेशन पर निकले हुए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी कर दी। घायल जवान की हालत गंभीर बनी हुई थी। जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।गोलीबारी चिंतागुफा थाना क्षेत्र के दुब्बाकोंटा कैंप के पास हुई है। जवान के घायल होने की पुष्टि बस्तर आईजी पी. सुंदराज ने की है। इससे पूर्व मंगलवार सुबह बीजापुर में आईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से सीआरपीएफ का एक आरक्षक घायल हो गया था। कॉन्स्टेबल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जवानों से बचने के लिए आईडी प्लांट किया था। घटना उसूर थाना क्षेत्र की है।