किसान नेता अनिल दुबे की रिहाई की मांग, किसान मोर्चा का जेल भरो आंदोलन
नाराज किसानों ने घेरा कलेक्टोरेट, धरने पर बैठे रहे
महासमुंद। करणीकृपा पावर प्लांट के खिलाफ आंदोलनरत संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल दुबे की गिरफ्तारी से नाराज आंदोलनकरियों ने मंगलवार को श्री दुबे की रिहाई की मांग को लेकर जेल भरो आंदोलन के तहत कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया।
शाम करीब 4 बजे सैकड़ो की संख्या में पहुंचे आंदोलनकारियों को पुलिस ने प्रवेश द्वार पर ही रोक लिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि अनिल दुबे को रिहा किया जाए और अगर उन्हें रिहा नहीं करते है तो प्रशासन सभी आंदोलनरत किसानों को गिरफ्तार कर लें। खबर लिखे जाने तक उक्त मांग को लेकर आंदोलनकारी कलकेटोरेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैठे रहे। आंदोलनकारियों में प्रमुख रूप से अशोक कश्यप, जी पी चंद्राकर,गोवर्धन वर्मा, अलखराम साहू, हेमसागर पटेल,रूप सिंह निषाद,उदयराम चंद्राकर, नाथूराम सिन्हा,पूर्व सरपंच डिगेश्वरी, चंद्राकर, मीराबाई ध्रुव सरपंच, राधाबाई सिन्हा, श्यामबाई ध्रुव सहित बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बता दें कि ग्राम खैरझिटी, कौंवाझर,मालीडीह में करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है है। जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। प्लांट के विरोध में ग्रामीण पिछले 25 फरवरी से आंदोलनरत है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट का निर्माण अवैध तरीके से किया जा रहा है। जिसका विरोध वे शांतिपूर्ण तरीके से कर रहे है। बावजूद इसके प्रशासन प्लांट के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई कर रहे है।
- Advertisement -