खेल/कोच्चि। आईपीएल 2023 के लिए शुक्रवार को होने वाले मिनी ऑक्शन में 405 खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाएंगे। 10 टीमों में कुल 87 स्लॉट खाली हैं। सभी फ्रेंचाइजी बची राशि के अनुसार खिलाड़ी खरीदेंगी। इसमें से 30 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। यानी नीलामी में अधिकतम 30 विदेशी खिलाड़ी बिक सकते हैं। जिसके पास जितनी राशि होगी उसके हिसाब से खिलाड़ी खरीदे जाएंगे।अधिकतम 87 खिलाड़ियों पर ही बोली लगेगी। ऐसे में सभी टीमें अपनी-अपनी जरूरतों के अनुसार स्टार खिलाड़ियों पर बोली लगाएगी। आपको बता रहे हैं कि किस देश के कितने खिलाड़ी इस साल ऑक्शन में हिस्सा ले रहे हैं।
इस साल ऑक्शन के लिए 15 देशों के 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसमें से 14 देशों के 405 खिलाड़ी शुक्रवार को बोली में शामिल होंगे। भारत के सबसे ज्यादा 714 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, इसमें से 273 खिलाड़ियों को चुना गया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के 57, दक्षिण अफ्रीका के 52, वेस्टइंडीज के 33, इंग्लैंड के 31, न्यूजीलैंड के 27, श्रीलंका के 23, अफगानिस्तान के 14, आयरलैंड के 14, नीदरलैंड के सात, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के 6-6, नामीबिया के पांच और स्कॉटलैंड के दो खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था।
भारत के बाद इंग्लैंड के सर्वाधिक खिलाड़ी ऑक्शन में
ऑस्ट्रेलिया के लिए 57 में से 21, दक्षिण अफ्रीका के 52 में से 22, वेस्टइंडीज के 33 में से 20, इंग्लैंड के 31 में से 27, न्यूजीलैंड के 27 में से 10, श्रीलंका के 23 में से 10, अफगानिस्तान के 14 में से आठ, आयरलैंड के 14 में से चार, नीदरलैंड के सात में से एक, बांग्लादेश के छह में से चार, जिम्बाब्वे के छह में से दो, नामीबिया के पांच में से दो खिलाड़ियों को ऑक्शन में शामिल होने का मौका मिलेगा। यानी 132 विदेशी खिलाड़ी ऑक्शन में शामिल होंगे।ऑक्शन में शामिल हो रहे भारत के 273 में से 195 खिलाड़ी ऐसे हैं जो अब तक आईपीएल में किसी भी टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। वहीं, 78 खिलाड़ी पहले आईपीएल खेल चुके हैं। आइए जानते हैं किस देश के कौन-कौन से खिलाड़ी ऑक्शन में शामिल हो रहे हैं।