रायपुर/बिलासपुर। छग के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने फिर बड़ा बयान दिया है। जिसकी सियासी गलियारे में जमकर चर्चा हो रही है और छग की राजनीति फिर से गरमा गई है। सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में अपनी भूमिका को लेकर कहा कि वो प्रदेश के नागरिक हैं और उसी रूप में भाग लेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री के लिए अभी तक मेरा नंबर तो नहीं लगा है, जो मुख्यमंत्री रहते हैं आगे भी संभावना उन्हीं की रहती है। अमूमन जो मुख्यमंत्री होते हैं, वह पार्टी को लीड करते हैं, बाकी हाईकमान के ऊपर है। उनका लोगों के बीच में काम करने का प्रयास चलता रहेगा। बाबा के इस बयान के बाद हो सकता है कि वो विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके पहले भी वो इस तरह का बयान दे चुके हैं। विधानसभा में प्रदेश का अगला एम्स बिलासपुर में खोलने की सहमति देने के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव बिलासपुर पहुंचे। मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा और सीएम के चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भाजपा की स्थिति को लेकर कहा कि भाजपा और उनके संगठन की अपनी एक मजबूती है, उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पिछले 45- 50 साल का राजनीतिक अनुभव कहता है कि आरएसएस के होने के कारण भाजपा को कम नहीं आंकना चाहिए। अकेले भाजपा इतनी शक्तिशाली ना हो लेकिन आरएसएस प्लस भाजपा इसको कभी कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा की इतनी कम सीट आई है कि उनका मनोबल टूटा हुआ है। आज उनके अंदर से ही कोई ऐसी शक्ति सामने नहीं आ रही है। स्थिति ये है कि पब्लिक के बीच फोकस में आने के लिए भाजपा अपने गवर्नर का ही क्रिटिसाइज कर रही है। आगे सिंहदेव ने प्रदेश में अगले सीएम के चेहरे के सवाल पर कहा कि अभी टीएस बाबा का नंबर नहीं लगा है। एक सवाल के जवाब में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को विफल बताने वाली भाजपा को महाराष्ट्र के उपचुनाव में एक सीट चली गई, उसकी भी बात करनी चाहिए, लेकिन वे उसकी बात नहीं करते।