Friday, March 24, 2023
spot_img

रुद्राक्ष लेने सीहोर में उमड़ा जनसैलाब  लंबी कतारें, इंदौर-भोपाल हाईवे पर लंबा जाम, एक महिला की मौत

सीहोर। सीहोर स्थित कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण कथा और रुद्राक्ष वितरण महोत्सव शुरू हो गया है। रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम में करीब दस लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। इसके चलते इंदौर-भोपाल हाईवे पर जाम लगा है। भीड़ से भगदड़ जैसे हालात बने हैं। धक्कामुक्की के बीच महाराष्ट्र से आई 52 वर्षीय मंगलबाई की मौत होने की खबर सामने आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीहोर जिला अस्पताल भेजा गया है। दो हजार लोग बीमार बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। दस से अधिक महिलाएं गुम हैं। 
पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में गुरुवार को रुद्राक्ष वितरण महोत्सव शुरू हो गया। शिव महापुराण कथा भी शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से भोपाल-इंदौर हाईवे पर बीस किमी लंबा जाम लग गया। कुबेरेश्वर धाम से चौपाल सागर तक भोपाल की ओर लंबा जाम है। इतना लंबा जाम लगने के बाद भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। भोपाल और इंदौर दोनों तरफ से लोग लगातार कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे। इतनी भीड़ की वजह से रुद्राक्ष पाने में नाकाम लोग पंडित मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लौटे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महोत्सव स्थल का दौरा निरस्त कर दिया है। महोत्सव में करीब दस लाख लोगों के मौजूद होने का अनुमान है। 
रुद्राक्ष लेने के लिए दो किमी लंबी कतार
रुद्राक्ष वितरण के लिए चालीस काउंटर बनाए गए हैं। भीड़ को देखते हुए एक दिन पहले यानी बुधवार से ही रुद्राक्ष वितरण शुरू कर दिया गया था। पहले दिन करीब डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए। अब तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए हैं। गुरुवार को रुद्राक्ष के लिए दो-दो किमी लंबी कतार लगी है। दो लाख से अधिक लोग तो कतार में ही लगे होने का अनुमान है। भीड़ को रोकने के लिए बांस और बल्लियों से बैरिकेड लगाए गए थे, जो भीड़ को रोकने में नाकाम हो रहे हैं। 
एक दिन पहले आ गए थे दो लाख लोग
कार्यक्रम के एक दिन पहले ही बुधवार को यहां दो लाख से अधिक लोग पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटना शुरू कर दिया था। गुरुवार को करीब आठ लाख से अधिक लोग पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से पुलिस-प्रशासन को व्यवस्थाएं बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुबेरेश्वर धाम पर आए श्रद्धालुओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना मोबाइल नेटवर्क ध्वस्त होने की वजह से आ रही है। श्रद्धालु परिजनों से बिछड़ रहे हैं।
धूप में खड़े रहने से आए चक्कर
भीड़ को देखते हुए प्रशासन के इंतजाम भी गड़बड़ा गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए छाया के इंतजाम नहीं हैं। 10-10 घंटे धूप में खड़े होने से लोग चक्कर खाकर बेहोश हो रहे हैं। दो हजार लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है।  
क्याखास है पंडित मिश्रा का रुद्राक्ष
पंडित प्रदीप मिश्रा अपनी कथाओं में रुद्राक्ष की महिमा का बखान करते रहते हैं। उनके अनुसार यह रुद्राक्ष पानी में डालना है और उस पानी को पीना है। इससे हर समस्या दूर हो जाती है। नक्षत्र खराब हो तो वह भी ठीक हो जाते हैं। बीमारी समेत हर संकट दूर हो जाता है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,749FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles