आंध्रप्रदेश। बुधवार को आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की जनसभा में भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। जानकारी के अनुसार जनसभा नेल्लोर जिले के कुंदुकुर में आयोजित थी। लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच लोगों को डॉक्टर्स ने पहले और कुछ देर 2 अन्य लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में 8 लोगों के घायल होने की भी खबर है जिसमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद यह भगदड़ मची। इस दौरान टीडीपी के सात कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।पुलिस ने बताया कि नेल्लोर जिले के कंदुकुर कस्बे में बुधवार को एक नहर में गिरने से एक महिला सहित सात लोगों की मौत हो गई। आठ अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चंद्रबाबू नायडू वहां एक रोड शो को संबोधित कर रहे थे। प्रारंभिक सूचना के आधार पर उन्होंने बताया कि बैठक स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और बैठक के दौरान लोगों के बीच कुछ धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि स्पष्ट तस्वीर बाद में सामने आएगी। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। नायडू ने तुरंत सभा रद्द कर दी और मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पार्टी नेताओं से घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को भी कहा।