महासमुंद। चबूतरा तोडऩे की बात पर एक महिला और सरपंच के बीच विवाद हो गया। आक्रोशित महिला ने सरपंच को थप्पड़ जड़ दिया। घटना पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम रामडबरी की है। सरपंच शत्रुघन चेलक (42) ने पुलिस को बताया कि गांव में स्थित चबूतरे को तुड़वा रहा था। इसी दौरान गांव की जामबाई बारले पहुुंची और चबूतरा क्यों तोड़वा रहे हो कहते हुए उनके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ जड़ दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ धारा 294, 323 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।
विवाद रोकने गई समधन की पिटाई
ससुराल में बेटी व बच्चों के साथ सास-ससुर द्वारा किए जा रहे मारपीट को रोकने के लिए समधन को जाना महंगा पड़ गया। सास-ससुर ने उनकी पिटाई कर दी। घटना बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्डीह की है। पुलिस को श्रीमती उती ओगरे (60) ने बताया कि बेटी के ससुर सुखीराम (62) और सास बुधयारिन द्वारा बेटी के साथ कर रहे विवाद को रोकने के लिए गई तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उन्ही की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर धारा 294, 323, 506, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।