बाबा ने कहा नहीं लड़ेंगे विस चुनाव ! इस बार मन नहीं, बयान से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी
सरगुजा। आगामी वर्ष छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव वर्ष है। इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा अभी से एक्टिव मोड में है। इस बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दिया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि इस बार उनका चुनाव लड़ने का मन नहीं है। बाकी इंतजार करते हैं। मुझे भी इंतजार है। सिंहदेव इन दिनों सरगुजा दौरे पर हैं। गुरुवार को गांधी स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां चुनाव लड़ने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि, फैसला नहीं लिया है, तब तक का इंतजार करते हैं। मुझे भी इस बात का इंतजार है। उन्होंने कहा कि, इस बार चुनाव लड़ने का सही में मन नहीं बनाया है। इससे पहले ऐसा नहीं था।
अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया
सिंहदेव ने कहा कि, इसके पहले 2008, 2013 और 2018 में मन में भी था कि चुनाव लड़ना है, तो लोगों से पूछकर लड़ूंगा। इस बार चुनाव लड़ने का वैसा मन नहीं है, जैसा पहले रहता था। लेकिन जो कुछ करूंगा, जनता से पूछकर करूंगा। सिंहदेव ने यह भी कहा कि अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है, पर अंतिम में फिर कहा कि इस बार उनका चुनाव लड़ने का मन नहीं है।
सरकार के कामकाज को लेकर बोले
स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने इस सरकार में हो सकता है कि काम में कहीं 19-20 हुआ हो। जो लोग यहां से बैठकर आरोप लगाते हैं, उन्हें क्षेत्र में जाकर देखना चाहिए कि क्या-क्या काम हुआ है। पिछले पांच साल की रिपोर्ट ले लें। अंबिकापुर के सड़कों की चर्चा होती है कि मरम्मत नहीं हो पाई है, इस पर काम चल रहा है। जिन्होंने काम नहीं देखा वे ही आरोप लगाते हैं।
- Advertisement -